पंजाब में मुख्यमंत्री और राज्यपाल के बीच खींचतान जारी

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्यपाल बीएल पुरोहित के बीच खींचतान जारी। मान ने राज्यपाल के पत्र का जवाब देते हुए कहा, 'राज्यपाल को सत्ता की भूख है। अगर उन्हें ल गता है कि मैं कुर्सी छिनने के डर से समझौता कर लूंगा, तो वो गलत सोच रहे हैं।' पुरोहित ने मान को चिट्ठी लिखी, तो जिसमें सहयोग ना करने की सूरत में राष्ट्रपति शासन लगवाने की चेतावनी दी गई थी।

नूंह में इंटरनेट सेवाएं फिर से बंद

हरियाणा के नूंह में फिर से इंटरनेट सेवाएं बंद। होम डिपार्टमेंट ने शनिवार दोपहर 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं और बल्क SMS भेजने पर प्रतिबंध लगाया। नूंह में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की ओर से 28 अगस्त को दोबारा ब्रजमंडल यात्रा निकालने के ऐलान को देखते हुए गृह विभाग ने एहतियात के तौर पर यह फैसला लिया है।

चांद के बाद भारत की नजर सूर्य पर

चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर कामयाब लैंडिंग के बाद इसरो अब सूर्य के अध्ययन के लिए 2 सितंबर को सौर मिशन शुरू करने की तैयारी कर रहा है। आदित्य L1 सूर्य का अध्ययन करने वाली पहली स्पेस बेस्ड इंडियन लेबोरेट्री होगी। इसे सूर्य के चारों ओर बनने वाले कोरोना के रिमोट ऑब्जर्वेशन के लिए डिजाइन किया गया है। यह मंजिल तक करीब 4 महीने में पहुंचेगा।

अमित शाह ने गहलोत सरकार पर साधा निशाना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को राजस्थान के गंगापुर में किसान सम्मेलन में पहुंचे। शाह ने अपने भाषण के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने चर्चित लाल डायरी का जिक्र करते हुए कहा- घर में कोई डायरी हो तो उसका कलर लाल मत रखना, नहीं तो गहलोत जी नाराज हो जाएंगे। डायरी का रंग आगे से लाल है और अंदर काले कारनामे छिपे हैं।

ट्रेन के डिब्बे में आग लगने से 10 लोगों की मौत

तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन के डिब्बे में शनिवार तड़के आग लग गई। हादसे में कम से कम 10 यात्रियों की मौत हो गई। इस दौरान 50 अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। दक्षिणी रेलवे ने अवैध रूप से ले जाए गए गैस सिलेंडर को हादसे की वजह बताया है। इस बीच मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की गई है।

मदुरै दुर्घटना में शामिल सभी लोग यूपी के

मदुरै ट्रेन हादसे में मारे गए और घायल सभी तीर्थ यात्री उत्तर प्रदेश के थे। प्राइवेट कोच में यूपी के 63 तीर्थयात्री सफर कर रहे थे। हादसे के वक्त कोच यार्ड में खड़ा था। यह कोच 17 अगस्त को लखनऊ जंक्शन से रवाना हुआ था। कोच को रविवार को चेन्नई से लखनऊ लौटना था। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मदुरै ट्रेन हादसे पर अपनी संवेदना प्रकट की।

शिवराज मंत्रिमंडल में चुनाव से पहले फेरबदल

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से करीब दो महीने पहले शिवराज सिंह चौहान मंत्रिमंडल में फेरबदल। राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने शनिवार को 3 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। नए मंत्रियों में महाकौशल से गौरीशंकर बिसेन, विंध्य से राजेंद्र शुक्ला और बुंदेलखंड से पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के भतीजे राहुल लोधी ने शपथ ली। शिवराज कैबिनेट में अब 33 मंत्री हो गए हैं। 1 पद अब भी खाली है।

पाकिस्तानी डॉक्टर को अमेरिका में सजा

अमेरिका में पाकिस्तान के एक डॉक्टर को 18 साल की जेल की सजा सुनाई गई। डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने पिछले साल उसे अमेरिका पर हमले करने की प्लानिंग का दोषी पाया था। उसे सजा शुक्रवार को सुनाई गई। 31 साल का मुहम्मद मसूद अमेरिका में हमले करने के लिए ISIS की मदद करना चाहता था। उसने 2020 में जॉर्डन से होते हुए सीरिया जाने की कोशिश की थी।